एटा। जिला ग्राम पंचायत राज अधिकारी ने एडीओ पंचायत विकास खंड निधौली कलां व मारहरा निरीक्षण किया। यहां फाइलें अव्यवस्थित मिलीं। निर्देश दिए कि सभी एडीओ पंचायत प्रतिदिन चार गांव का भ्रमण करें और निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करें। आख्या मिलने के बाद ही दिसंबर का वेतन दिया जाएगा।
शुक्रवार को डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने एडीओ पंचायत विकास खंड निधौली कलां व मारहरा के कार्यालय के निरीक्षण में बताया कि राज्य वित्त व 14वां वित्त के अंतर्गत दो से ढाई लाख की परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए रजिस्टर बनाया है, जो कि जांच के समय प्रस्तुत किया, परंतु रजिस्टर किसी भी सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित नहीं मिला। स्वीकृति परियोजनाओं के संबंधित दस्तावेज, तकनीकि व प्रशासनिक स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज की छाया प्रति कार्यालय में सुरक्षित नहीं रखी जा रही है।
डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत निधौलीकलां को निर्देशित किया परियोजना से संबंधित दस्तावेजों की छाया प्रति कार्यालय में सुरक्षित रखें। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतें सुनी जाएं। वहीं मारहरा में डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत सचिवों के साथ सफाई कर्मचारियों का भी रोस्टर जारी किया जाए। रोस्टर को ग्राम पंचायत में किसी स्थान पर पेंट भी किया जाए।