एटा। थाना जलेसर के गांव खेड़िया खाती में 26 अक्तूबर को एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गांव के ही युवक ने एकतरफा प्यार में घटना को अंजाम दिया था। इसको रविवार की देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
युवती के पिता तेजपाल ने गांव के ही शिवम सहित तीन लोगों के खिलाफ बेटी की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद शिवम फरार हो गया था। पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश कर रहीं थीं। मोबाइल नंबरों की सीडीआर व अन्य तरीकों से आरोपी को तलाश किया गया। रविवार की देर शाम इसौली रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास से उसको गिरफ्तार कर लिया गया।
इसके पास से घटना में प्रयोग किए गए तमंचा और खोखा कारतूस को भी बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग 1 वर्ष से वह युवती के साथ बात कर रहा था। युवती के परिजन ने शादी कहीं और तय कर दी। जिसकी वजह से उसने मुझसे बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आवेश में आकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सीओ जलेसर कृष्ण मुरारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना जलेसर पुलिस के अलावा एंटी थेफ्ट व्हीकल और सर्विलांस टीम का भी सहयोग रहा।