एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव चमकरी में सोमवार की रात केनरा बैंक शाखा में चोरी के प्रयास की घटना सामने आई थी। पुलिस टीम ने जांच करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक मॉनिटर व डीवीआर बरामद किया गया है।
विज्ञापन
सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में सोमवार की रात केनरा बैंक चमकरी से चोरी के प्रयास की घटना सामने आई थी। यहां चोर ने खिड़की काटकर अंदर घुसकर चोरी करने का प्रयास किया। जब लॉकर में कुछ नहीं मिला तो डीवीआर और मॉनिटर लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपी की पहचान प्रशांत उर्फ चुल्ली निवासी चमकरी के रूप में हुई। उसको आगरा रोड पर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक डीवीआर और एक मॉनिटर बरामद किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसको आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।