सोमवार देर रात आई आंधी-बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली तो रातभर बिजली गुल होने उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों की विद्युतापूर्ति तो मंगलवार सुबह बहाल हो सकी। आंधी के दौरान पेड़ उखड़ कर बिजली के तारों पर गिरने से एलटी और एचटी लाइन के तार टूट गए।
सोमवार देर रात आई आंधी और बारिश के कारण अलीगंज, राजा का रामपुर, जैथरा, जसरथपुर, मलवान, सकीट, अवागढ़, जलेसर, मिरहची और मारहारा में बिजली गुल हो गई। आधा घंटे बारिश के बाद लोगाें को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कुछ देर बाद उसम होने के कारण लोग परेशान हो गये। आंधी के कारण जिले के ज्यादातार इलाकाें में रात ग्यारह बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक बिजली गुल रही। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ उखड़ कर बिजली के तारों पर गिर पड़े, जिससे एलटी और एचटी लाइन से विद्युतापूर्ति बंद हो गई, लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह सात से आठ बजे के बीच विद्युतापूर्ति बहाल कर दी। तब जाकर लोगाें ने राहत की सांस ली। सुबह बिजली नहीं होने के कारण अलीगंज, जैथरा, मारहारा, मिरहची में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत वितरण खंड देहात के एक्सईएन राजकुमार ने कहा कि सुबह आठ बजे तक ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु हो चुकी है। आंधी में पेड़ तारों पर गिरने के कारण बिजली गुल हुई थी। वहीं जिला मुख्यालय पर आंधी-बारिश के दौरान निगम कर्मचारियों ने विद्युतापूर्ति बंद रखी और बारिश बंद होते ही रात एक बजे आपूर्ति बहाल हो गई।