एटा। गांव परतापुर में चाचा-भतीजे के बीच विवाद हो गया। इस झगड़े में घायल हुए भतीजे की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। मृतक के चाचा ने भतीजे की मौत के लिए दूसरे चाचा पर आरोप लगाया है।
मलावन थाना क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी अवधेश कुमार ने फोन कॉल पर बताया कि 27 सितंबर को भतीजे चंद्रशेखर (29) का परिवार के भाई शिशुपाल के साथ विवाद हो गया। विवाद में गालीगलौज के बाद शिशुपाल ने चंद्रशेखर को बुरी तरह से पीट दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई के कारण चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन गंभीर हालत में लेकर मेडिकल कॉलेज आए। यहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया।
वहां सेहत में सुधार नहीं हुआ तो मंगलवार को परिजन वापस घर ले आए जिसके बाद आगरा ले गए। वहां उपचार के दौरान बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे चंद्रशेखर की मौत हो गई। परिजन शव को पोस्टमार्टम हाउस ले आए। सूचना पर पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और पंचनामा भरा। थाना प्रभारी रोहित राठी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। अगर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।