एटा। अलीगंज क्षेत्र के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई थी। परिजन ने अस्पताल संचालक और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत दर्ज की थी। सीएमओ ने इस मामले में दो सदस्यीय टीम का गठन करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
प्रसूता के पिता अशोक ने बताया कि बेटी दीपिका (22) को बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर उसे रात करीब दो बजे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लेकर पहुंचे। सीएचसी में चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की संभावना जताई और सुबह तक इंतजार करने की सलाह दी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे तक प्रसव नहीं होने पर आशा कार्यकर्ता प्रेमलता ने उन्हें अलीगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। इसके बाद उसे अमरौली रोड स्थित मां हॉस्पिटल में सुबह 10ः30 बजे भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने रात करीब साढ़े आठ बजे तक सामान्य प्रसव का इंतजार कराया जाता रहा। इसके बाद रात करीब नौ बजे प्रसव कराया गया, लेकिन नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने एसीएमओ डॉ. राम मोहन तिवारी और डॉ. सुधीर मोहन को जांच करने के आदेश दिए हैं। बताया कि जांच आख्या आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।