मृतक लाइनमेन रनवीर उर्फ कल्लू
- फोटो : मृतक लाइनमेन रनवीर उर्फ कल्लू
एटा। विद्युत लाइन में हुुए फॉल्ट के बाद तार जोड़ते समय बुधवार की देर शाम करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को बिजलीघर के सामने रखकर लगभग 2 घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर परिजन माने। तब कहीं जाकर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली देहात के गांव बावसा निवासी गवेंद्र ने बताया कि चाचा रनवीर सिंह उर्फ कल्लू (45) लाइनमैन अवागढ़ बिजलीघर पर तैनात थे। थाना अवागढ़ के गांव खूंटीपुरा में बुधवार की देर शाम विद्युत लाइन में फॉल्ट हो गया। जानकारी मिलने पर लाइनमैन रनवीर सिंह उर्फ कल्लू वहां पहुंचे और खंभे पर चढ़कर कार्य करने लगे। तार जोड़ते समय अचानक से बिजली आ गई और कल्लू को करंट लग गया।
झटका लगते ही कल्लू बुरी तरह से झुलसकर नीचे आ गिरा। जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा 1 बेटा और बेटी भी है। इनके पालन-पोषण की बड़ी समस्या सामने आ गई है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे के लिए हंगामा : घटना की जानकारी पर परिजन व काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शव को अवागढ़ बिजलीघर के सामने रखकर विद्युत विभाग को लापरवाह ठहराते हुए हंगामा करने लगे। दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग करते हुए लगभग 2 घंटे तक हंगामा किया।
सूचना पर एसडीएम जलेसर भावना विमल, सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और अन्य पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों के समझाने पर परिजन माने और शव को उठाने दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।
एसडीएम भावना विमल ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मृतक के परिवार को निर्धारित योजना के तहत आर्थिक मदद या जो भी विभाग की ओर से निर्धारित सुविधाएं होंगी दिलाई जाएंगी।