अवागढ़। टूंडला रोड पर इसौली चौराहे से जलेसर मार्ग पर बाकलपुर गांव पर स्थित पेट्रोल पंप से दो युवक बाइक में 1200 रुपये का पेट्रोल भराकर भाग गए। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास पुलिस कर रही है।
पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार को बाइक सवार दो युवक आए। उन्होंने पंप पर मौजूद सेल्समैन से बाइक में 1200 रुपये का पेट्रोल भराया। सेल्समैन ने जब रुपये मांगे तो युवकों ने बाइक को साइड से लगाकर देने को कहा। बाइक को साइड से करने के बहाने आगे बढ़ाया और सेल्फ स्टार्ट कर भाग गए। 1200 रुपये का चूना लगने पर सेल्समैन घबरा गया। उसने साथी कर्मचारियों को बताया। इस पर युवकों की पहचान को सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया।
कैमरे में दोनों युवकों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। साथ ही बाइक पर नंबर प्लेट न होने पर वह कौन थे? जानकारी नहीं हो पा रही है। एक माह पहले इसौली चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर भी इस तरह की घटना हो चुकी है। एक माह में हुई दो घटनाओं से पेट्रोल पंप के कर्मचारी एवं संचालक सकते में हैं। इसकी शिकायत सकरौली थाना पुलिस से की गई है। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप ने बताया कि घटना की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।