अलीगंज। गांव जानीपुर में छत से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पांच वर्ष की मासूम बालिका बुरी तरह झुलस गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मासूम मानवी शनिवार दोपहर को मकान की छत पर खेल रही थी। इस दौरान मकान की छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, यहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि बालिका का अधिकांश शरीर झुलस गया है। बुआ अर्चना ने बताया कि बच्ची के पिता हरियाणा के हिसार में काम करते हैं। हादसे के समय बच्ची की मां खेत पर थी। घर में दादा-दादी नीचे आंगन में थे। इस हादसे के बाद गांव के लोगों ने हाईटेंशन लाइन को स्थानांतरित कराने की मांग की है।