एनएच-34 पर आरटीओ ऑफिस के पास पलटी हुई कैंटर गाड़ी। संवाद
एटा। नेशनल हाईवे पर एआरटीओ ऑफिस के पास मंगलवार की रात लगभग 2 बजे पशुओं से भरा कैंटर स्टीयरिंग फेल होने के कारण पलट गया। उसमें भरे हुए 25-30 पशुओं में से 5 मौके पर ही मर गए।
मलावन थाना क्षेत्र से शुरू होकर पिलुआ थाना क्षेत्र में हाथरस जिले की सीमा तक हाईवे से प्रतिदिन 100 से 120 पशु तस्करी वाहन गुजरते हैं। इनको रोकने वाला कोई नहीं है। इस मार्ग पर लगभग 6 स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। इन पर अक्सर वसूली करने के आरोप लगते रहते हैं। यही वजह है कि पशु तस्करी वाले वाहन तेज गति के साथ दौड़ते हुए निकल जाते हैं। इनकी गति अधिक होने के कारण कई बार सड़क हादसा हो चुका है।
बुधवार को भी गति अधिक होने के कारण पशुओं से भरा कैंटर आरटीओ ऑफिस के सामने स्टीयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में हालांकि कोई व्यक्ति तो घायल या हताहत नहीं हुआ मगर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 5 पशुओं की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत पशुओं को हटवाकर जीवित को वहां से भिजवा दिया। चालक ने बताया कि लखनऊ से पशु लेकर हापुड़ जा रहे थे। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि कैंटर में 5 पशु 2 उनके बच्चे थे। व्यापारी लेकर जा रहे थे तो रास्ते में चालक को नींद आ जाने के कारण हादसा हो गया। पशुओं के मरने की जानकारी नहीं है।