एटा/अलीगंज। बिजली कटौती बंद होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार ट्रिपिंग व तार टूटने के चलते 15 मिनट भी बिजली लोगों को नसीब नहीं हो रही। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उपभोक्ता का कहना है कि जब बिजली ही नहीं मिल रही है तो बिल किस बात का। व्यापारी संगठन ने भी बिजली कटौती पर रोष जाहिर करते हुए विभाग द्वारा एक जुलाई से चलाए जा रहे अभियान का विरोध करने का निर्णय लिया है।
कई दिन से चरमराई विद्युत व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर में हो रही 12 घंटे से ज्यादा समय की कटौती लोगों के लिए असहनीय हो गई है। लोगों को 15 मिनट तक लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है। बार-बार ट्रिपिंग व तार टूटने के चलते आपूर्ति बाधित हो रही है। इनवर्टर तक धोखा दे गए हैं। लोगों की रात की नींद उड़ गई है। इससे उनमें आक्रोश पनप रहा है। इधर, विभाग एक जुलाई से बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चला रहा है। युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष अतुल राठी, सुजीत देव वार्ष्णेय, विशाल अग्रवाल, मुकेश मीत आदि का कहना है कि विभाग उपभोक्ताओं को बिजली तो मुहैया नहीं करा पा रहा। ऊपर से अभियान के नाम पर उनका शोषण करने की तैयारी है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल इसका विरोध करेगा। इधर, अलीगंज में भी बिजली का बुरा हाल है। लोगों को दो-तीन घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो पा रही है।