एटा। शहर के जीटी रोड स्थित एक क्लीनिक पर भर्ती एक माह के शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने समय पर उपचार नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कंपाउंडर को अगवा कर अपने साथ ले गए। इससे क्लीनिक पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने चार घंटे बाद अपहृत कंपाउंडर को बरामद कर लिया। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कंपाउंडर ने कोतवाली नगर में अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद कासगंज थाना सिढ़पुरा के गांव भोगपुर निवासी महाराज सिंह के एक माह के नवजात पुत्र की शनिवार देर रात अचानक हालत खराब हो गई। उन्होंने साले अजीत सिंह निवासी नेहचलपुर थाना बागवाला के साथ रात ढाई बजे शहर के जीटी रोड स्थित डा. वीके गुप्ता के क्लीनिक पर पहुंच कर उसे भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि भर्ती कराने के घंटाें बाद भी कंपाउंडर बबलू निवासी दलेलपुर थाना मलावन से बार-बार उन्होंने डाक्टर को बुलाने के लिए कहा। बावजूद इसके उन्होंने डाक्टर को नहीं बुलाया। जिसके चलते रविवार सुबह पांच बजे नवजात शिशु ने दम तोड़ दिया। परिजनों में आक्रोश फूट गया और वह कंपाउंडर बबलू को जबरन कार में डाल कर अपने साथ ले गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए कपांउंडर बबलू को बागवाला थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। इतना ही नहीं पुलिस ने घटना के दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले की रिपोर्ट क्लीनिक पर मौजूद कंपाउंडर कमलेश ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है।