एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के शिकोहाबाद रोड स्थित आशीष काम्प्लेक्स में गत दिनों दिन दहाड़े घर में घुसकर महिला को बंधक बना कर की गई लूटपाट के मामले में पुलिस व एसओजी लुटेरों के नजदीक पहुंच गई है। पुलिस ने बुधवार को सराफ की दुकान पर छापा भी मारा। बताते हैं कि पुलिस ने सराफ व्यापारी को हिरासत में ले लिया है, लेकिन अभी तक पुलिस ने यह मामला नहीं खोला है।
बता दें कि गत 16 अगस्त को शिकोहाबाद रोड स्थित आशीष काम्प्लेक्स निवासी कपड़ा व्यापारी राजकुमार भगत के घर बदमाश घुस गए थे और उसकी पत्नी को बंधक बना कर हजारों रुपये की नकदी के अलावा लाखों रुपये के जेवरात लूट ले गए थे। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तभी से पुलिस घटना के खुलासे में जुट गई। इस मामले में तीन लोगों को पुलिस पहले ही हिरासत में ले चुकी है। गत दिवस एटा आए अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रकाश डी ने भी पुलिस को घटनाओं के खुलासे के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। बताते हैं कि बुधवार की सुबह थाना पुलिस व एसओजी ने मेहता पार्क स्थित सब्जी मंडी स्थित एक सराफा की दुकान पर छापा मारा। इससे वहां हड़कंप मच गया। बताते हैं कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी किए गए जेवर बदमाशों ने उक्त सराफा को बेचे हैं। इस पर पुलिस ने सराफा व्यापारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं अभी पुलिस ने यह मामला नहीं खोला है उसे अभी फरार आरोपियों की तलाश है।