एटा। नवंबर माह में दीपावली, भाई दूज के त्योहार थे, शादी-सहालग भी शुरू हो गए थे। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने गलत तरीके से माल को जिले में पहुंचाया। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की मोबाइल स्क्वॉयड टीम ने दो ऐसे मामलों को पकड़ा, जिसमें बिना बिल्टी और बिल के कर चोरी कर वाहनों से माल लाया गया। इनसे करीब 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
बाहर से आने वाले सामान की चेकिंग के लिए वाणिज्य कर विभाग ने एक मोबाइल स्क्वॉयड टीम गठित की है, जो वाहनों की चेकिंग करती है। नवंबर माह में त्योहार और सहालग के दौरान जिले में व्यापारियों ने सामान मंगाया। ज्यादातर सामान बिहार, दिल्ली, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और आगरा आदि स्थानों से रात में पहुंचाया गया। मोबाइल स्क्वॉयड टीम ने नवंबर में इस तरह के दो वाहनों को पकड़ा जो अवैध तरीके से माल को जिले में पहुंचा रहे थे। ये वाहन आगरा रोड और जीटी रोड से पकड़े गए। इनसे करीब 77 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
-----------------------
अक्तूबर व नवंबर माह में करीब चार सौ वाहनों की सघन चेकिंग की गई थी। नवंबर में 2 वाहनों को पकड़ा गया, जो अवैध तरीके से माल को जिले में पहुंचा रहे थे। इनसे जुर्माना वसूला गया है।
- पीयूष गौतम, असिस्टेंट कमिश्नर, वाणिज्य कर