एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 7 लोग घायल हो गए। जिनमें से 1 की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया।
थाना कोतवाली देहात के गांव नगला सेमरा के पास बाइक की ट्राेला से टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार अमित चौहान निवासी मरथरा घायल हो गया। ममेरे भाई अमित ने बताया कि शहर से गांव जाते समय रास्ते में हादसा हो गया। जिसके चलते अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
थाना रिजोर के गांव फफोतू निवासी मोहन राठौर अपने 10 वर्षीय पुत्र भानुप्रताप के साथ दवा लेने एटा आ रहे थे। तभी रास्ते में सई गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिससे दोनों घायल हो गए।
वहीं फिरोजाबाद जिले के गांव पचों थाना जसराना निवासी धर्मवीर अपनी मां सावित्री देवी, बहन भारती और भांजे दीपक के साथ एटा आ रहे थे। रास्ते में निधौली खुर्द के पास अचानक से भैंस सामने आ गई जिससे इनकी बाइक टकरा गई और चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। धर्मवीर ने बताया कि वह अपनी बहन को लेकर उसकी ससुराल आ रहा था। जहां उसके पति के ताऊ का देहांत हो गया था। संवाद