एटा। फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद अलीगंज में कार्रवाई लगातार जारी है। पांच जनसेवा केंद्रों के संचालकों पर रविवार रात एफआईआर दर्ज कराई गई। दो को जेल भेजा गया है। सोमवार को इन दुकानों को सील करा दिया गया। वहीं अन्य दुकानों की भी जांच-पड़ताल की गई।
वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को एसडीएम प्रतीत त्रिपाठी ने अलीगंज में 5 जनसेवा केंद्रों पर छापेमारी की थी। वहां से मिले जन्म प्रमाण पत्रों सहित कंप्यूटर, लैपटॉप आदि को भी जब्त किया गया था। जब्त किए गए जन्म प्रमाण पत्रों की प्राथमिक जांच में ये फर्जी पाए गए। जिस पर जनसेवा केंद्र संचालक अंकित गुप्ता उर्फ रोहित, अंकित कुमार यादव सहित चंदन जनसेवा केंद्र, अनन्या जनसेवा केंद्र और कुलदीप जनसेवा केंद्र के संचालकों पर रविवार रात राजस्व निरीक्षक ओम नमो नारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इनमें से गिरफ्तार अंकित गुप्ता और अंकित यादव को सोमवार को जेल भेज दिया गया।
वहीं, सोमवार को नायब तहसीलदार नायब तहसीलदार अरविंद गौतम के नेतृत्व में टीम ने इन दुकानों पर पहुंचकर सील किया। जबकि अन्य कॉमन सर्विस सेंटरों पर ब्लॉक व नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में करीब 100 सीएससी सक्रिय हैं। इन सभी की जांच की जाएगी।