एटा। थाना कोतवाली देहात के गांव रामपुर घनश्याम में शनिवार की देर रात दो पक्षों के मध्य विवाद के बाद मारपीट हो गई। जिससे एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। वहीं थाना बागवाला के गांव गोला सरजनपुर में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। तीन लोग घायल हो गए।
कोतवाली देहात के गांव रामपुर घनश्याम निवासी घायल विनोद ने बताया कि पहले कहासुनी हुई उसके बाद विवाद बढ़ गया। दूसरे पक्ष के रतनलाल, सिंटू, सबलू, हाकिम, बृजेश व राधेश्याम हाथों में लाठी-डंडे लेकर आए और हम लोगों को पीटने लगे। जिससे मैं और मेरी पत्नी पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं थाना बागवाला के गांव गोला सरजनपुर में शनिवार की देर रात दो पक्षों के मध्य बच्चों के झगड़े की मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में नरेश, पोदानी और अब्दुल घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी संजय राघव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। संवाद