दावों के बाद भी जनपद में बिजली चोरी नहीं रुक पा रही। गिरे तापमान में जहां बिजली की मांग बढ़ी है। वहीं, घंटों की अतिरिक्त कटौती ने उपभोक्ताओं का चैन छीन लिया है। लाइन लॉस के रिकार्ड के अनुसार जिले में मिलने वाली आपूर्ति की 40 प्रतिशत से अधिक बिजली चोरी की भेंट चढ़ रही है।
समय-समय पर चलने वाले विद्युत चोरी विरोधी अभियान जनपद में गुल नहीं खिला पा रहे। बिजली चोरी में छोटे लोग ही नहीं बड़े लोग भी शामिल हैं, जिन पर विभाग की नजर ही नहीं है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जुलाई से चले 90 दिवसीय विशेष अभियान में जिले में 26 हजार से अधिक नए कनेक्शन दिए गए। इस दौरान करोड़ों रुपए का राजस्व भी वसूला गया। 1457 के विरुद्ध विद्युत चोरों की प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई।
सोलह घंटे की आपूर्ति
18 से 20 घंटे आपूर्ति के रोस्टर ताक पर हैं। उपभोक्ताओं को 15 घंटों की भी नियमित आपूर्ति नहीं मिल पा रही। बुधवार को शहर में 16 घंटे की आपूर्ति मिली। वहीं मंगलवार को 15 घंटे की ही आपूर्ति मिली। इस दौरान होने वाले फाल्ट ट्रिपिंग के चलते भी घंटों की आपूर्ति बाधित हो रही है।
कोहरा-बारिश में बढ़े ट्रिपिंग फाल्ट
एटा। गिरे तापमान में जहां बिजली की मांग बढ़ गई है। वहीं, घना कोहरा-बारिश उपकरणों में डेमेज भी बढ़ा रहा है। ट्रिपिंग फाल्ट के चलते भी आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं, मरम्मत के जिए घंटों के शट डाउन लेने पड़ रहे हैं।
12 जनवरी से विशेष अभियान
शासन के निर्देश पर एक बार फिर जनपद में विद्युत चोरों के विरुद्ध विशेष छापामार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बिजली चोरों पर कार्रवाई के साथ ही पुराने बकाएदारों के विरुद्ध भी डिसकनेक्शन की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्थानीय स्तर पर टीमों का गठन किया है। वहीं शासन स्तर पर भी टीमें भेजी जाएंगी।
जनपद का लाइन लॉस 40 प्रतिशत है। इसे रोकने के लिए 12 जनवरी से विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इन दिनों में जहां बिजली की मांग बढ़ जाती है। वहीं आपूर्ति में व्यवधान आता है। कोहरा आदि भी फाल्ट ट्रिपिंग बढ़ाता है।
---एके जैन, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, एटा