प्रदेश को हरा-भरा एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाने के लिए वन विभाग ने सूबे 5 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य बनाया है। इसमें चार लाख पौधे कासगंज में भी एक दिन में रोपे जाएंगे। इसके लिए जनपद को 68 सेक्टर में बांटा गया है। जहां पौध रोपण के कार्य की निगरानी मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है।
पौधरोपण कार्यक्रम के लिए गुरुवार को प्रशिक्षण कार्यशाला शारदा देवी जौहरी कन्या डिग्री कॉलेज में हुई। सीडीओ श्रीनिवास मिश्र ने बताया कि यह कार्यक्रम जीवन से जुड़ा होने के कारण महत्वपूर्ण है। प्रभागीय वनाधिकारी सुरीत कुमार ने कहा कि केवल वन विभाग के पौध रोपण से प्रदेश हरा-भरा नहीं हो सकता। पौध की सुरक्षा को जन भागीदारी होनी जरूरी है। बताया कि 11 जुलाई को एक दिन में पूरे प्रदेश में एक साथ पौधरोपण किया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्रीय वनधिकारी एके सिंह, चोब सिंह, मुकेश कुमार, शीलेंद्र चौहान, प्रशिक्षक कुशाग्र डावर, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
इनसेट
शिक्षकों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कासगंज(ब्यूरो)। पौध रोपण के लिए प्रत्येक सेक्टर पर छह शिक्षक तैनात होंगे। इसमें 3 शिक्षक पौध रोपण के कार्यक्रम की भौतिक रिपोर्ट देंगे, जबकि तीन शिक्षक उस रिपोर्ट पर गवाह बनेंगे।
इनसेट
इन प्रजातियों के रोपे जाएंगे पौधे
कासगंज(ब्यूरो)। जनपद में शीशम, गुटैल, नीम, अर्जुन, पापडी, जामुन, आम, वटापन, सेमल, अकेशिया, केशिया, बबूल आदि के पौधे रोपे जाएंगे। इनकी सुरक्षा के लिए कटीले तारों की बैरीकेटिंग भी होगी।
इनसेट
यहां होगा पौध रोपण
कासगंज(ब्यूरो)। जिला मुख्यालय में रेलवे यार्ड, बरेली-मथुरा राजमार्ग, नहर मार्ग, लोवर गंगा कैनाल पटरी, एटा-कासगंज, कासगंज-सलेमपुर बीबी रोड, इखौना ग्राम समाज भूमि, अनूप शहर ब्रांच नहर पटरी एवं बरेली मथुरा रेल मार्ग पर पौध रोपण होगा। इनसेट
आखिर क्यों नहीं पनपते पौधे?
कासगंज(ब्यूरो)। वन विभाग द्वारा प्रतिवर्ष लाखों पौध रोपे जाते हैं। इनमें ज्यादातर सालभर के भीतर ही नष्ट हो जाते हैं। इसे लेकर जंगल महकमा हमेशा कटघरे में रहता है। मामले में प्रभागीय वन अधिकारी सुरीत कुमार ने कहा कि पौधे की देखभाल में जनसहयोग मिलने पर ही पौधे सुरक्षित बचेंगे।
इनसेट
चार को दिलाई जाएगी शपथ
कासगंज(ब्यूरो)। जनपद के सभी बेसिक, माध्यमिक, उच्च, तकनीकी शिक्षक संस्थाओं में शिक्षक विद्यार्थियों को पर्यावरण बचाने की शपथ 4 जुलाई को दिन में 11 बजे दिलाई जाएगी।