एटा। दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा और भाई दूज के पर्व पर भी लोगों ने खूब आतिशबाजी चलाई। पटाखे चलाते समय रविवार को 2 बालकों सहित 4 लोग झुलस गए। परिजन इन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए।
दीपोत्सव धनतेरस से शुरू होकर पूरे पांच दिन तक चलता है। जिसके चलते लोग खूब आतिशबाजी भी चलाते हैं। इस बीच पटाखे चलाते समय लापरवाही करना भारी पड़ जाता है। रविवार को पिलुआ कस्बा निवासी सुमित ने बताया कि रास्ते से निकल रहा था, तभी किसी ने सूतली वाला बम चला दिया। जिसके चलते चपेट में आने से मेरे कपड़ों में आग लगा गई और जब तक बुझाई, तब तक हाथ पैर झुलस गए। मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
वहीं, कोतवाली नगर के बनगांव में 10 वर्षीय केशव और निधौली कलां निवासी 7 वर्षीय आदित्य कुमार भी पटाखा चलाते समय झुलस गए। इनको भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा थाना रिजोर के गांव रजकोट निवासी ब्रजलाल और कोतवाली देहात के गांव नगला गलू निवासी रमन ने बताया कि पटाखा चलाते समय छोटा भाई सिद्धार्थ झुलस गया। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।