एटा। बेसिक शिक्षा विभाग के 39 शिक्षक ऑनलाइन प्रेरणा निरीक्षण एप पर अनुपस्थित पाए गए। सभी अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन में जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी जारी की है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक ने ऑनलाइन प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से 23 फरवरी से 18 मार्च तक जिले के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 22 शिक्षामित्र, 13 सहायक अध्यापक, एक अनुदेशक और 3 प्रधानाध्यापक अनुपस्थित मिले। बीएसए दिनेश कुमार ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेतावनी जारी की है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक शिक्षण अवधि से 15 मिनट पूर्व विद्यालय में उपस्थित होना है। वहीं शिक्षण अवधि के 30 मिनट तक उपस्थित होकर आगामी दिवस की कक्षा शिक्षण की रूपरेखा तैयार करनी होगी।