एटा। जिले में त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या सामने आ रही है। सोमवार को त्वचा से संंबंधित 300 मरीजों को मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में उपचार दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में सोरायसिस, स्कैबीज, लाल चकत्ते, खुजली और दाद समेत विभिन्न त्वचा रोगों से पीड़ित करीब 300 मरीजों ने उपचार कराया। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. वसुंधरा ने बताया कि रात में कीड़े के काटने से भी त्वचा पर खुजली, लालिमा और चकत्ते जैसी परेशानी हो जाती है। ऐसे लक्षण होने पर मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं या क्रीम का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
बचाव के लिए करें ये उपायः
- रोज स्नान करें और त्वचा को साफ व सूखा रखें।
- चादर, तौलिया और कपड़े नियमित रूप से धोएं। इन्हें दूसरों के साथ साझा न करें।
- सोते समय मच्छरदानी लगाएं और बिस्तर के आसपास सफाई रखें।
- त्वचा को बार-बार खुजलाने से संक्रमण बढ़ सकता है, ऐसा न करें।
- स्टेरॉयड युक्त क्रीम का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह के बिना न करें।
त्वचा रोग विभाग में सबसे अधिक सोरायसिस, लाल दाने, खुजली के मरीज उपचार लेने के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को 300 मरीजों को उपचार दिया गया। - डॉ. सुरेश चंद्रा, सीएमए, मेडिकल कॉलेज