एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया धीमी चल रही है। जिले में 225 विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र बनने के लिए पोर्टल पर डाटा अपलोड किया है। हालांकि डाटा अपलोड होने के बाद भी गठित टीमों की ओर से विद्यालयों का भौतिक सत्यापन शुरू नहीं हुआ है।
परीक्षा केंद्रों के चयन के लिए शासन की ओर से प्रत्येक तहसील में चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। सदर, जलेसर और अलीगंज तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा लोक निर्माण विभाग के एक अवर अभियंता को टीम में नामित किया गया है। इन टीमों को विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
भौतिक सत्यापन के दौरान विद्यालयों में उपलब्ध कक्षों की संख्या, बैठने की क्षमता, फर्नीचर की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, बाउंड्रीवाल, सुरक्षित प्रवेश-निकास, परिसर की स्थिति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की मानकों के आधार पर गहन जांच की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 225 विद्यालयों में 20 राजकीय, 15 सहायता प्राप्त तथा 190 वित्तविहीन एवं अन्य श्रेणी के विद्यालय शामिल हैं। भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके उपरांत शासन स्तर से परीक्षा केंद्रों की प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। सूची जारी होने के बाद आपत्ति मांगी जाएगी। इसके बाद शासन स्तर से परीक्षा केंद्र की अंतिम सूची जारी की जाएगी। उन्होंने कहा दो से तीन दिन के अंदर गठित टीम द्वारा बोर्ड परीक्षा केंद्र का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी जाएगी।