एटा। नगर में कोरोना कर्फ्यू के लगातार हो रहे उल्लंघन पर प्रशासन-पुलिस ने रविवार को कड़ी कार्रवाई की। प्रतिबंध के बावजूद खुली मिलीं 21 दुकानों से संबंधित व्यापारियों के चालान काट 22,400 रुपये वसूले गए। कोरोना कर्फ्यू के दौरान केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खोलने के निर्देश हैं। परंतु सभी प्रकार की दुकानें आधा शटर उठा कर खोल ली जाती हैं। बाद में शटर गिराकर बिक्री की जाती है। इस तरह की शिकायतें लगाता प्रशासन को मिल रही थीं। जिस पर एसडीएम एसपी वर्मा और सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर रविवार को पुलिसबल के साथ कोरोना कर्फ्यू की हकीकत परखने निकले।
कई जगह व्यापारी जरूरी सामान से अलग दुकानों के शटर बंद कर ग्राहकों को अंदर बुलाकर बिक्री करते मिले। एसडीएम ने इस तरह खुली मिलीं 21 दुकानों के चालान कटवाए। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि सभी लोग कोरोना कर्फ्यू के नियमों का पालन करें। सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक ही दुकानों को खोला जाए। यदि अब कोई उल्लंघन करते हुए पाया गया तो दुकान को सील कर दिया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार राकेश कुमार, नायाब तहसीलदार लक्ष्मीकांत बाजपेयी भी मौजूद रहे।