एटा। थाना मलावन क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी को कमरे में खींचकर दुष्कर्म किया गया। किशोरी के पिता ने दो सहयोगी युवकों सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है।
किशोरी के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी बृहस्पतिवार देरशाम शौच के लिए जा रही थी। तभी गांव के ही धीरज कुमार ने अपने दोस्त भानु और ललित उर्फ छोटू के सहयोग से उसे हरिशचंद्र के खाली पड़े कमरे में खींच लिया। इसके बाद धीरज ने दुष्कर्म किया। भानु और ललित बाहर से कमरे का ताला लगा गए।
बेटी की चीख-पुकार पर ग्रामीण के साथ वह पहुंचे तो बेटी कमरे के अंदर युवक के साथ बंद थी। आरोप है कि भानु और ललित से कमरे की चाबी मांगी तो उन्होंने गाली-गलौज कर धमकी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ताला तोड़कर किशोरी को बाहर निकाला और आरोपी को पकड़ लिया।
प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। धीरज को जेल भेज दिया गया है। किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।