वर्ष 2017 में 17वीं विधानसभा के लिए होने जा रहे चुनाव में 70 फीसद मतदान का आंकड़ा पार करने की तैयारी की जा रही है। चुनाव आयोग के निर्देश मिलने के बाद से ही जिला प्रशासन मतदाता जागरूकता के लिए हर प्रयास करने में जुटा है। अब तक 67 फीसद तक सिमटे रहे चुनाव प्रतिशत को 75 फीसद तक लाने के लिए जी तोड़ मेहनत की जा रही है।
जिले में वर्ष 2012 में हुए विस चुनावों में मतदान प्रतिशत 60 फीसद पर सिमट गया था। लोकसभा चुनाव में भी मतदाता जागरूकता की कवायदों के बाद भी मतदान प्रतिशत 65 फीसद पर ही सिमट गया था। ऐसे में 11 फरवरी को होने वाले मतादन में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से जुटा हुआ है। मतदाता जागरूकता के लिए रैली, प्रतियोगिताएं, वॉल पेंटिंग तक कराई गई है।
वहीं लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए चुनाव आयोग ने भी नई घोषणाएं की हैं। जिला प्रशासन ने भी स्वीप कार्यक्रमों के तहत समितियों का गठन किया है। वहीं बीएलओ को मतदाताओं को घर तक लाने की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासन का मानना है की इस बार चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ेगा, क्योंकि मताधिकार को लेकर लोग खुद से सक्रिय हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि आखिर प्रशासन की कवायद और उम्मीदें कितना रंग लाती हैं?
------------
हमेशा पिछड़ी रही एटा विधानसभा
मतदान को लेकर एटा विधानसभा हमेशा पिछड़ी रही है। लोगों में मतदान को लेकर जागरूकता नहीं होने के चलते मतदान फीसद 57 से आगे बढ़ ही नहीं सका। वहीं अलीगंज विधानसभा में मतदान 67 फीसद तक का आंकड़ा पार कर चुका है। ऐसे में प्रशासन का पूरा फोकस एटा विस क्षेत्र पर है।
-----------
कहते हैं आंकडे़
विधानसभा चुनाव 2012
विधानसभा कुल मतदाता मतदान किया मतदान प्रतिशत
अलीगंज 299641 199772 66.67
एटा 286337 163585 57.13
मारहरा 268029 170990 63.80
जलेसर 254207 149829 58.94
-----------
लोकसभा चुनाव- 2014
विधानसभा कुल मतदाता मतदान किया मतदान प्रतिशत
अलीगंज 327598 220512 67.31
एटा 319668 179477 56.14
मारहरा 294876 175982 59.68
जलेसर 278672 163657 58.72