जलेसर। विधायक संजीव दिवाकर की पहल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सात सड़कों के नव निर्माण को दस करोड़ आठ लाख रुपये से अधिक के बजट को स्वीकृति दी है। इसके अलावा क्षेत्र की दस अन्य सड़कों के निर्माण होने की मंजूरी मिल गई है। चुनाव से पहले क्षेत्र की 17 सड़कों के निर्माण होने से लोगों में खुशी है।
विधायक संजीव दिवाकर ने बताया कि प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सात प्रमुख सड़कों के नव निर्माण को स्वीकृति देते हुए बजट अवमुक्त किया है। इनमें अवागढ़-जलेसर मार्ग पर अकराबाद बंबा मोड़ से नगला लक्ष्मण तक 1.25 किमी लंबे मार्ग के नव निर्माण को 124.36 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।
जलूखेड़ा से दोषपुर तक डेढ़ किमी मार्ग का 146.98 लाख रुपये से नव निर्माण होगा। बसई से महापुर मार्ग तक ढाई किमी सड़क का नव निर्माण 167.02 लाख रुपये से होगा। सोना से बलीपुर मार्ग तक एक किमी सड़क के नव निर्माण को 100.57 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं।
बसई से गढ़िया मौजमपुर मार्ग तक 1.75 किमी लंबी सड़क का नव निर्माण 168.36 लाख रुपये से होगा। खेड़ानूहं से नगला चांद मार्ग तक 1.30 किमी लंबी सड़क का नवनिर्माण 129.57 लाख रुपये से होगा। जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर पटना-सिकंदरपुर मढ़ी मार्ग के नव नवनिर्माण के लिए 171.58 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसकी लंबाई 1.69 किमी है।
विधायक संजीव दिवाकर ने कहा इन सात मुख्य मार्गों के अलावा 10 अन्य ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इसमें नगला बालजीत मजरा ऊंचागांव से भुर्का, अवागढ़-टूंडला रोड पर नगला बधा से शहनौआ, उदीगढ़ी से गोथुआ, मीसाखुर्द से नरौरा कॉलेज, बारासमसपुर मार्ग से बेलपीपरी, गुदाऊ से नगला सुखीमान सिंह, लोहचा से नगला कौंड़रा, अवागढ़ के जौहरपुर प्राथमिक विद्यालय से दयारामपुर तक, रसीदपुर-मितरौल से खंजापुर और दलशाहपुर-जमालपुर रोड से केसरी के खेत तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा।