एटा। घर से कोचिंग के लिए गई 10वीं की छात्रा लापता हो गई। साथ में उसकी बहन भी थी, लेकिन उसे भी जानकारी नहीं हो सकी। पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। व्हाट्सएप चैट पर मिले नंबर से तार जोड़े जा रहे हैं।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि 19 अप्रैल की शाम लगभग 4 बजे उसकी दो बेटियां कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकलीं थीं। बड़ी बेटी 10वीं और छोटी 9वीं में पढ़ती है। रास्ते में बड़ी बेटी कुछ काम की कहकर आगे निकल गई और कुछ देर में कोचिंग पहुंचने के लिए कहा। काफी देर बाद भी जब वह कोचिंग नहीं पहुंची तो छोटी बहन को चिंता हुई। उसने हम लोगों को जानकारी दी। इसके बाद उसे तलाश किया, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं हो सकी।
उन्होंने बताया कि शिवांगी नाबालिग है और अपने साथ पढ़ाई वाला टैबलेट साथ ले गई है। मेरे फोन पर किसी के साथ उसकी व्हाट्सएप पर चैटिंग हुई थी, लेकिन ये मैसेज डिलीट हो चुके हैं। जब इस व्हाट्सएप नंबर पर कॉल की तो वाराणसी का बताया गया। पुलिस को नंबर की जानकारी दी गई। जिसके आधार पर उसके संचालक के बारे में पता किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि मामले की तह तक जाकर जानकारी की जा रही है। जल्द ही किशोरी को तलाश लिया जाएगा। संवाद