पीएफ घोटाले से खफा बिजली कर्मचारियों की ओर से प्रदेशभर में बुलाई गए 48 घंटे के कार्य बहिष्कार के चलते आज से शहर और ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। इसी क्रम में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम भिखारीपुर स्थित कार्यालय में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन शुरू है।
इसके अलावा कानून व्यवस्था को ध्यान में रखकर डीएम कौशलराज शर्मा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कर्मचारियों से मुलाकात कर बातचीत की। सुरक्षा के मद्देनजर उपकेंद्रों पर भारी तादाद में पुलिस बल की तैनात कर दी गई। शहर के कुछ इलाकों में कटौती की सूचना है। लाट भैरव सरिया मकबूल आलम रोड में सुबह से बिजली गुल है। ठेके के कर्मचारी मरम्मत करने पहुंचे।
बताते चलें कि रविवार को भी विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी कार्यालय पर विरोध जताकर सभा की। जांच से असंतुष्ट बिजली कर्मचारियों ने पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी की मांग की। समिति के संयोजक आरबी यादव ने कहा कि बिजली कर्मचारी एमडी के मुख्य द्वार पर विरोध सभा करेंगे।
कार्य बहिष्कार सुबह आठ बजे से शुरू होगा। बिजली का ग्रिड फेल न हो, इसलिए बड़े उत्पादन गृहों, 400 केवी विद्युत उपकेंद्र और सिस्टम आपरेशन की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी व अभियंता कार्य बहिष्कार में शामिल नहीं होंगे।