डौंडिया खेड़ा के राव राम बक्स सिंह के किले में बृहस्पतिवार को फिर से खुदाई शुरू होगी। बुधवार को खुदाई बंद होने से किले की ओर लोगों का आवागमन कम हुआ, फिर भी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहे।
मंगलवार की शाम तक डौंडिया खेड़ा में 4.90 मीटर की खुदाई हो सकी थी। उस दिन पत्थरों का मोटा लेयर आ जाने से एएसआई ने खुदाई वाले ब्लाक के दूसरे हिस्से की सफाई कराई। इस दौरान दो मटके मिले थे। अब नीचे की खुदाई को लेकर संशय बना हुआ है।
बुधवार को एएसआई का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण खुदाई नहीं हुई। सूत्रों का कहना है कि एएसआई बृहस्पतिवार को दूसरे ब्लाक की खुदाई शुरू कर सकती है।
एएसआई ने किला परिसर में खुदाई के लिए पांच-पांच वर्गमीटर के चार ब्लाक बनाए हैं। बक्सर में बुधवार को भी सन्नाटा रहा। न तो संत शोभन सरकार और न ही स्वामी ओम बक्सर आश्रम में मौजूद थे।
मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम के छापामारी को जाने के कारण दुकानदार भी बहुत चौकन्ने थे। स्वर्ण भंडार को लेकर चर्चा का दौर भी जारी रहा।
जीएसआई की रिपोर्ट के अनुसार पांच से बीस मीटर की गहराई में नानमैग्नेटिक धातु है। यह धातु सोना, चांदी या बिना चुंबक से चिपकने वाली हो सकती है। यानी अभी दस सेंटीमीटर के बाद पांच मीटर की खुदाई पूरी होगी।
इस रिपोर्ट के आधार पर लोगों का कहना है कि अभी 10 सेंटीमीटर की खुदाई और होने के बाद भी कुछ कहा जा सकता है। इस बीच बुधवार को भी जीएसआई के डौंडिया खेड़ा में आने की चर्चा रही।