युवक पर चाकू व धारदार हथियार से हमला
प्रतापपुर/भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के कल्यान नरहियां में सोमवार की सुबह नित्यक्रिया के लिए गए युवक पर गांव के ही कुछ युवकों ने चाकू और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जिला अस्पताल के डाक्टरों ने घायल युवक को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
कल्यान नरहियां गांव निवासी सुनील (30) पुत्र राम नरेश सुबह नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर गए थे। आरोप है कि लौटते समय गांव के दूसरे समुदाय के तीन युवकों ने उनको घेरकर चाकू और धारदार हथियारों से हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोग और परिजन पहुंचे। खून से लथपथ सुनील को परिजन बनकटा पीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। उसके बाद परिजन भाटपाररानी पीएचसी लेकर गए। युवक की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि सूचना के एक घंटा की देर से पुलिस पहुंची, जबकि रामपुर बुजुर्ग पुलिस चौकी महज दो किमी की दूरी पर है। चर्चा है कि एक हमलावर को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है। दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही घटना में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।