कोतवाली थाना क्षेत्र की एक युवती को नौकरी दिलाने के बहाने अपने संपर्क में लाने, कमरे में बंधक बनाकर रखने और यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक युवती के साथ मारपीट भी करता था। परिजन उसे छुड़ाकर घर ले आए तो युवक ने साथियों के साथ पहुंचकर दोबारा जबरन ले जाने की कोशिश की। घटनाएं 25 और 27 अक्तूबर की हैं। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरिया के एक होटल में दिलाई थी नौकरी
शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2026 में युवती नाबालिग थी। इसी दौरान युवक ने उसे देवरिया के एक होटल में नौकरी दिलाई थी। इसके बाद वह उसे परेशान करने लगा। आरोप है कि युवक युवती को कमरे में बंद रखता था और उसका यौन शोषण करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। उसने युवती के दस्तावेज, मोबाइल और अन्य सामान भी अपने पास रख लिए थे।
25 अक्तूबर की शाम युवती ने परिजनों को फोन कर मदद मांगी। परिजन उसे लेने पहुंचे तो युवक ने गालीगलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन युवती को किसी तरह छुड़ाकर घर ले आए। इसके बाद युवती ने अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी।
घर पहुंच जबरन ले जाने का किया प्रयास
आरोप है कि 27 अक्तूबर की रात युवक तीन-चार साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा और उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। परिजनों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी। पुलिस को सूचना देने पर युवक साथियों के साथ बाइक से भाग निकला। कोतवाली पुलिस ने अभिनव सिंह निवासी जीयूत चौराहा रामगुलाम टोला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अवनीश कुमार सिंह को सौंपी है। इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।