छह माह से सीएचसी में आई एक्स-रे मशीन नहीं हो सकी इंस्टाल
फोटो समाचार
.....
एक्स-रे खराब होने के चलते रोजाना 10 से 15 मरीजों को बाहर से कराना पड़ता है एक्स-रे
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर की एक्स-रे मशीन पिछले कई सालों से खराब हो चुकी है। हालांकि, डिमांड के बाद छह माह पहले यहां नई एक्स-रे मशीन व दंत एक्सरे मशीन भेजी गई। लेकिन इंस्टाल के अभाव में दोनों मशीनें धूल फांक रही हैं। जबकि अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए प्रतिदिन 10 से 15 मरीज सीएचसी आते हैं। कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लाख दावे करती हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। उप्र-बिहार का बॉर्डर होने के चलते स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों का तांता लगा रहता है। यहां रोजाना 500 से 700 मरीज इलाज कराने आते हैं। सीएचसी की ओपीडी से लेकर इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को जरूरत पड़ने पर बाहर से ही एक्स-रे कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। यहां मरीजों के जांच के लिए आई एक्स-रे मशीन और दंत एक्स-रे मशीन तकरीबन छह माह से इंस्टाल होने का इंतजार कर रही है। इतना ही नहीं अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी न होने से मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। इसके चलते मरीजों को रकम देकर बाहर से जांच करानी पड़ रही है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अतुल कुमार ने बताया कि एक्स-रे मशीन आकर सीएचसी में रखी गई है, लेकिन इंस्टाल के अभाव में अभी चालू नहीं किया जा सका है। कई बार संबंधित अधिकारियों को पत्र भी भेजा गया है। जल्द ही इंस्टाल करा कर एक्स-रे शुरू करा दिया जाएगा।