मारपीट में घायल महिला की मौत
तरकुलवा। एक सप्ताह पूर्व हुई मारपीट में घायल महिला की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने पांच दिन पूर्व चार लोगों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज किया था।
तरकुलवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरवनयिा गांव निवासी रामेश्वर निषाद का अपने पट्टीदार सिब्बन व श्रीराम से जमीन के लिए विवाद है। एक सप्ताह पूर्व दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची रामेश्वर की मां 80 वर्षीया जोनिया देवी को श्रीराम तथा सिब्बन ने धक्का दे दिया। उससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रकम का इंतजाम न हो पाने के चलते परिजन पीड़िता को वापस घर लेकर चले आए। सोमवार की देर रात में महिला की मौत हो गई। तरकुलवा के थानेदार नवीन सिंह ने बताया कि चार लोगों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज है। अब केस को तब्दील कर धारा बढ़ाई जाएगी।