- खुखुंदू क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव के पास बुधवार रात की घटना
- पीड़िता ने एसपी और खुखुंदू पुलिस से आरोपियों के खिलाफ की शिकायत
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव के पास रास्ते में घेरकर एक महिला पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इसमें महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। बृहस्पतिवार को अस्पताल से छूट्टी मिलने के बाद महिला पहले एसपी अभिजीत आर शंकर फिर थाने पहुंच पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खुखुंदू क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव निवासी चंद्रावती देवी का कहना है कि पति के दोस्त के दगाबाजी के बाद उस पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इन दिनों आरोपी जेल से छुटकर बाहर आया है। बुधवार को उसी केस की तारीख थी। महिला ने बताया कि मईल क्षेत्र के तेलिया कला मायके से कोर्ट गई थी। कोर्ट में देरी होने पर बस से खुखुंदू चौराहे पर आकर रात में करीब आठ बजे उतरी। फिर पैदल ही शेरवां बभनौली के कामधेनवा टोला बहन के घर जाने लगी। इसी बीच आरोपी और पूर्व प्रधान समेत अन्य लोग रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला कर दिए। इससे मौके पर ही बेहोश हो गई।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी आए दिन केस में समझौता करने के लिए दबाव दे रहा है। ऐसा नहीं करने पर ही हमला किया गया है। उसने एसपी से प्रकरण की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।