गौरी बाजार बखरा सड़कों के किनारे अलाव जलाते ग्रामीण।
देवरिया। सर्द पछुआ हवा से कांप रहे लोगों को साल के पहले दिन थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद नजर आ रही है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने पर बुधवार से हवा मंद होगी। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मंगलवार को कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से ही सर्द हवा और घने कोहरे के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। ठंड का असर इतना अधिक रहा कि लोग दिन भर अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को जनपद का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।
सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाओं के चलते दृश्यता भी कम रही, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञ मोहम्मद दानिश ने बताया कि चार दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। उम्मीद है कि बुधवार को हल्की धूप निकलेगी। हालांकि कुछ जगह घना कोहरा रहेगा।