राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज
मतदान का प्रतिशत बढ़ाना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण
कोविड संक्रमण को देखते हुए मतदाताओं के बूथ तक कम पहुंचने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विधानसभा चुनाव में इस बार मतदान बढ़ाना चुनौतीपूूर्ण होगा। कोविड संक्रमण के कारण जहां महिलाओं को बूथ तक भेजने से लोग परहेज कर सकते हैं, वहीं, कोई खास कार्यक्रम नहीं किए जा रहे हैं। स्थिति यही रही तो मतदान का प्रतिशत गिरने से अप्रत्याशित परिणाम भी आ सकते हैं। हालांकि, नए व युवा मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह है।
विधानसभा चुनाव नजदीक है। सभी पार्टियां अपने प्रत्याशित घोषित कर रही हैं। चुनाव आयोग ने रैलियों व प्रचार पर पाबंदी लगाई है। कोरोना संक्रमण हर रोज बढ़ने के कारण लोग दहशत में हैं। संक्रमण के कारण लोग अपने घर की महिलाओं को बूथ पर भेजने से परहेज कर सकते हैं। इसे देेखते हुए प्रशासन की ओर से मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में हर विधानसभा क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत के सौ बूथ चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर चुनाव पाठशाला, मतदाता चौपाल तथा विद्यालयों में मतदाता जागरुकता के जरिए नाटक, राशन की दुकानों पर जागरुकता से संबंधित बैनर लगाए जा रहे हैं। साथ ही डोर-टू-डोर सर्वे भी कराया जा रहा है। यह सब कहां तक कारगर साबित होगा, यह मतदान के बाद स्पष्ट होगा।
स्वीप के तहत आज आयोजित होंगे कार्यक्रम
देवरिया। स्वीप के नोडल अधिकारी सीडीओ रवींद्र कुमार के निर्देश पर मंगलवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में नाटक, निबंध, स्लोगन, पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। कोरोना को देखते हुए कम संख्या में छात्र रहेंगे। इसके अलावा सभी ब्लॉकों के विद्यालयों में ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले में 35,829 मतदाता करेंगे पहली बार मतदान
देवरिया। जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों में 18 से 19 वर्ष के 35,829 मतदाता हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। उनमें उत्साह है।
विधानसभा क्षेत्र 18-19 वर्ष के मतदाता
रुद्रपुर 4314
देवरिया 5012
पथरदेवा 5637
रामपुर कारखाना 4220
भाटपाररानी 5590
सलेमपुर 5177
बरहज 5879
विधानसभा क्षेत्र 20- 29 वर्ष के मतदाता
रुद्रपुर 61,475
देवरिया 63,491
पथरदेवा 65,361
रामपुर कारखाना 65,770
भाटपाररानी 63,625
सलेमपुर 65,359
बरहज 58,007
विधानसभा क्षेत्र 30- 39 वर्ष के मतदाता
रुद्रपुर 86,171
देवरिया 95,097
पथरदेवा 92,712
रामपुर कारखाना 95,296
भाटपाररानी 85,968
सलेमपुर 85,865
बरहज 82,060