संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। रायबारी गांव में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता रीता देवी का आरोप है कि चार अगस्त की सुबह गांव के कुछ लोग गोलबंद होकर उसके दरवाजे पर पहुंचे और उस पर तथा उसकी तीन बेटियों पर हमला कर दिया।
आरोप है कि लाठी-डंडों से पिटाई की गई। इसमें सभी घायल हो गए। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। रीता देवी का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
पुलिस ने आरोपियों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है, मगर अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार, भटनी के रायबारी गांव की रीता देवी का गांव के ही एक परिवार से विवाद है। आरोप है कि चार अगस्त को मामूली कहासुनी पर आरोपी गोलबंद होकर दरवाजे पर चढ़ गए और रीता देवी, बेटी शिल्पी, संध्या और अंतिमा की पिटाई करने लगे।
शोर मचाने पर जुटे लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। रीता का आरोप है कि मामले में चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
इससे नाराज पीड़िता और उसकी बेटियों ने घटना की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपियों पर शांतिभंग की कार्रवाई करने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।