बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले के विरोध में विहिप ने किया प्रदर्शन
देवरिया/सलेमपुर। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले, हिंदू धर्मस्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों को तहस-नहस करने एवं वहां के 22 से ज्यादा जिलों से हिंसा की घटनाओं के विरोध में बुधवार को विहिप ने सुभाष चौक पर पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इन घटनाओं के बाद भी सरकार पर आंख बंद कर बैठने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी भी की। अंत में विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत से जुड़े सदस्यों ने धरनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सलेमपुर में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर में प्रदर्शन कर शेख हसीना का पुतला जलाया। अंत में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर जिहादियों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। हिंदू परिवारों पर लगातार आक्रमण हो रहे हैं। इस्कॉन मंदिर को आग के हवाले कर दिया गया। देवी- देवताओं की मूर्तियां तोड़ दी गईं। मां-बहनों की इज्जत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इन सब के बावजूद बांग्लादेश की सरकार आंख बंद करके बैठी है। इस दौरान मनीष, मंतेश्वर मिश्र, जवाहर जायसवाल, सुमित, विकास, अमरजीत, संतोष, परमवीर रौनियार, धर्मेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।