संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। अनियंत्रित बाइक सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली में टकरा गई। बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के सिवान जनपद के असाव थाना क्षेत्र के कसीला गांव निवासी विद्यार्थी (25) दोस्त गोलू यादव (37) व मोनू (30) के साथ सोमवार की दोपहर घर से सोहगरा स्थित बाबा हंसनाथ मंदिर मेंं दर्शन करने आए थे। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ही हेलमेट पहने था।
दर्शन करने के बाद तीनों एक ही बाइक से मझौलीराज की तरफ निकल पड़े। रौनीगंगा चक गांव से आगे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर धवरकन मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज रही कि बाइक पर सवार तीनों युवक हवा में उछलते हुए सड़क पर जा गिरे।
आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस से भेजवाया। घायल गोलू ने बताया कि सोहगरा स्थित बाबा हंसनाथ का दर्शन के बाद वह लोग घर जारहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई।
कोतवाल सुनील कुमार पटेल ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राॅली में टकराई है। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।