संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। देवरिया न्यायालय से घर लौट रहे एक अधिवक्ता की ट्रेन में टीटीई ने पिटाई कर दी। इसके बाद पीड़ित को भटनी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ को सौंपकर टीटीई चला गया। लोगों ने जुर्माना देकर अधिवक्ता को छुड़ाया।
पीड़ित ने रविवार को जीआरपी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। भटनी के छपिया जयदेव गांव निवासी मनीष कुमार मौर्य देवरिया स्थित सिविल न्यायालय में अधिवक्ता हैं। शनिवार की शाम घर आने के लिए वह रेलवे स्टेशन पहुंचे। तभी गोरखपुर-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस भटनी के रवाना होने लगी। ट्रेन को चलते देख मनीष सामने वाली बोगी बी-2 में सवार हो गए। कुछ देर बाद एसी कोच में ड्यूटी कर रहे एक टीटीई ने टिकट मांगा। अधिवक्ता ने अपना एमएसटी दिखाया और ट्रेन छूटने के कारण एसी बोगी में बैठने की वजह बताई। आरोप है कि इससे नाराज टीटीई ने अधिवक्ता की पिटाई कर दी। साथ ही भटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर पीड़ित को आरपीएफ को सौंप दिया।