छह गुमटियों का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास
खुखुंदू। स्थानीय चौराहे के गड़ेर रोड स्थित छह गुमटियों का ताला तोड़कर शनिवार रात चोरी का प्रयास किया। चोरों के हाथ मामूली रकम ही लग सकी। रविवार सुबह जानकारी होने पर दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओ का कहना है कि कोई सामान चोरी नहीं गया है।
फोरलेन के सटे गड़ेर रोड पर मझवलिया निवासी दिनेश मद्धेशिया की टीनशेड में चाय और मिठाई की दुकान है। इसी गांव के सूरज माली की गुमटी है। वह फूल-माला सहित वैवाहिक सामग्री बेचते हैं। पिपरी उर्फ बंदी निवासी विजय चौहान की लोहे की जालीदार गुमटी में किराने की दुकान है। जमुना छापर के नरसिंह यादव की गुमटी में साइकिल स्टोर है। खुखुंदू चौराहा निवासी मनोज की फर्नीचर और पथरदेवा बाजार के धर्मेंद्र मद्धेशिया की चाय-मिठाई की दुकान गुमटी में है। इन सभी दुकानों का ताला तोड़कर शनिवार रात चोरी की कोशिश की गई। हालांकि दो दुकानों के अलावा अन्य दुकान से कोई सामान चोरी नहीं गया है। दिनेश और विजय चौहान ने बताया कि गल्ले में रखे 1500 से 2000 रुपये चोरी हुए हैं। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि मौके पर पहुंचा था। दुकानदारों ने बताया कि कोई सामान चोरी नहीं गया है। फिर भी एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।