लार। संघ कार्यकर्ता की हत्या के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर भाग गए। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से तीन महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया है।
एसपी ने एसओजी सर्विलांस सहित पुलिस की कुल चार टीमें गठित कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस टीम रात में ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकाल आरोपियों की शिनाख्त की। आरोपियों के घर पर मौजूद महिलाओं से बात कर जानकारी ली। इस दौरान एक महिला ने फोन से बात कराई।
लोकेशन के आधार पर पहुंची पुलिस की भनक मिलते ही आरोपी भाग गया। इसके अलावा रिश्तेदारों के घर भी पुलिस टीम रात में ही छापेमारी की। रिश्तेदारों से पूछताछ भी की गई मगर किसी ने आरोपियों का ठिकाना नहीं बताया।
इसके बाद संभावित ठिकानों पर पूरी रात छापेमारी चलती रही मगर सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस बरहज सलेमपुर देवरिया सहित कई जगहों पर दबिश दी।
यह देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूत्रों की मानें तो इसी बीच दोपहर में एक आरोपी का लोकेशन बिहार के मैरवां में मिला। पुलिस टीम पहुंचती तब तक आरोपी भाग गया। पुलिस शाम तक आरोपियों की तलाश में गोपालगंज सिवान में डेरा डाले रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी दबोच लिए जाएंगे।
एएसपी साउथ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए देवरिया से बिहार तक दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। संवाद