एकौना। रविवार की शाम राप्ती नदी पार कर रहे तीन किशोर डूबने लगे। गांव के दो लोगों ने दो लड़कों को बचा लिया, लेकिन एक किशोर नदी में डूबने से लापता हो गया।
उसकी तलाश में पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगे रहे। हादसा डढि़या गांव के राजा की छावनी के पास हुआ।
डढि़या गांव के अधिकांश लोग राप्ती नदी के पार गोरखपुर जिले के कंसासुर गांव में खेती के लिए आवाजाही करते हैं। गांव वाले नदी कभी नाव से और कभी तैरते हुए पार कर जाते हैं। गांव के उमाशंकर साहनी का बेटा आदर्श साहनी (12) दो साथियों अजीत पासवान (15) पुत्र किन्नु, किशन साहनी (14) के साथ नदी पार कर खेत देखने जा रहे थे। अचानक तीनों एक साथ डूबने लगे।
उनके शोर करने पर गांव के रामबिहारी और श्याम बिहारी राप्ती नदी में बचाने को कूद पड़े। दोनों ने मिलकर डूब रहे अजीत और किशन को बचा लिया, लेकिन हाथ फिसलने से आदर्श गहराई में चला गया और डूब गया। किशोर के डूबने की खबर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग नदी की तरफ दौड़ पड़े। थानाध्यक्ष अभिषेक राय ने बताया कि गोताखोर नदी में डूबे किशोर की तलाश में जुटे हैं।