कार की चपेट में आए तीन लोग, चालक सहित पांच घायल
रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के शहबाजपुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर पान की दुकान पर खड़े तीन लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे में कार चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
डुमरी- देसही देवरिया मार्ग पर सहबाजपुर चौराहे के समीप नन्हें भारती की गुमटी में पान की दुकान है। दोपहर गांव के ही राकेश भारती, संजय कुमार यादव और संतोष कुमार सिंह गुमटी के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान देसही देवरिया की तरफ से तेज रफ्तार से आती हुई एक कार अनियंत्रित हो गई और दुकान के सामने खड़े लोगों और गुमटी को चपेट में लेते हुए पेड़ से टकरा गई।
कार की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे में कार चालक और कार में बैठे एक व्यक्ति समेत पांच लोग घायल हो गए। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य मुन्ना यादव, संजीव गौतम समेत गांव के लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। राकेश, संजय और संतोष की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।