नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के तीन आरोपित गिरफ्तार
देवरिया। गोरखपुर के खाद कारखाने में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के पास से हिंदुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड का फर्जी गेट पास बरामद हुआ है।
डीआईजी/ एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने दोपहर में पुलिस लाइंस के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि जिले में खाद कारखाने में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले सक्रिय हैं। शातिरों को पकड़ने के लिए एसओजी को जिम्मेदारी दी गई थी। एसओजी ने सुबह सदर कोतवाली के आईटीआई चौराहे से राहुल यादव निवासी बड़का गांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कुछ देर तक आरोपित नेे बहाना बनाया, लेकिन बाद में उसने सच उगल दिया। उसने बताया कि अपने गांव के ही शुभनरायण यादव, फुलवरिया लाला के कृष्णा यादव के साथ मिलकर खाद कारखाने में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगारों से फार्म भरवाता था।
उसके बाद विश्वास में लेने के लिए आरोपितों की ओर से शैक्षिक प्रमाणपत्र और खाद कारखाने का गेट पास मुहैया कराया जाता था। इसके अलावा शुरूआती दौर में ये आरोपित, लोगों से एक-एक हजार रुपये ले लेते थे। अब तक इस गिरोह ने 253 लोगों से रकम ली है। इनकी तैयारी लोगों से अभी और रकम वसूलने की थी। उसके पहले ये सभी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पुलिस ने इनके पास से खाद कारखाने का फर्जी परिचय पत्र, दो लैपटाप, प्रिंटर, रजिस्टर, फार्म आदि बरामद किया है।