बरहज। क्षेत्र के बिजलापार गांव में अधिवक्ता उमेश यादव के घर में छत के रास्ते घुसे चोरों ने नगदी सहित जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि जिन दो कमरों में घर के लोग सो रहे थे, उनके फाटक को भी बाहर से बंद कर दिया था। जानकारी होने पर फारेंसिक टीम ने पहुंचकर नमूना लिया।
बिजलापार निवासी उमेश यादव तहसील में अधिवक्ता हैं। बताया जा रहा है कि वह और उनकी भतीजी मितल अपने-अपने कमरे में सोये हुए थे। जबकि भाई राकेश यादव अपनी पत्नी के साथ बड़हलगंज क्षेत्र में मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे। चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और दो कमरों में बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये नकद और सोने व चांदी के आभूषण चुरा ले गए हैं। एसओ विशाल कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले में कुछ लोगों से पूछताछ किया जा रहा है। फारेंसिक टीम भी बुलाई गई थी। जल्द ही नतीजा सामने आ जाएगा।