देवरिया। शहर के गरुलपार में मिशन स्कूल के पीछे एक मकान में रात के समय घुसे चोर करीब पांच लाख रुपये के जेवर और चांदी के सिक्के समेट ले गए। घटना 13 अगस्त की रात की है। मकान में रहने वाले बलवंत कुमार सिंह बगल के कमरे में सो रहे थे। सुबह उठने पर दूसरे कमरे में रखे जेवर गायब मिले। उन्होंने 17 अगस्त को कोतवाली पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद रात 9:20 बजे अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 305ए में प्राथमिकी दर्ज की गई।
बलवंत कुमार सिंह पुत्र वंश बहादुर सिंह गरुलपार में मिशन स्कूल के पीछे राजकुमार जायसवाल के मकान में रहते हैं। प्राथमिकी के अनुसार 13 अगस्त की रात वह अपने बगल वाले कमरे में सोए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर दूसरे कमरे में घुस गया। वहां रखा एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, सोने के दो लॉकेट, एक जोड़ी सोने की बाली और चांदी के दो सिक्के चोरी कर लिए गए। बलवंत ने चोरी गए जेवर की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। 14 अगस्त की सुबह बलवंत सोकर उठे तो दूसरे कमरे में रखे जेवर नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। प्राथमिकी के अनुसार शिकायत 17 अगस्त को कोतवाली में दी गई। पुलिस ने उसी दिन रात 9:16 बजे सूचना दर्ज की और रात 9:20 बजे प्राथमिकी दर्ज कर ली। घटना स्थल को कोतवाली से करीब एक किलोमीटर पूर्व दिशा में दर्शाया गया है।