पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर युवक ने आत्मदाह की धमकी दी
रुद्रपुर। जंगल इमिलिहा गांव के एक युवक ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर आत्मदाह करने की धमकी दी है। युवक ने स्थानीय पुलिस पर मकान पर कब्जा किए लोगों को बेदखल करने में कार्रवाई नहीं करने आरोप लगाया है।
गांव के विजय सिंह ने सीएम को भेजे पत्र में कहा कि उसके माता और पिता की मौत करीब पांच वर्ष पहले हो गई। उनकी नाबालिग बहन है। कुछ माह पहले वह काम के सिलसिले में वह बलरामपुर गए थे। कुछ दिन बाद वापस लौटा तो पट्टीदार उनके मकान पर कब्जा कर लिए थे। उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
आरोपित पक्ष के लोग पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। इस वजह से स्थानीय पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। युवक ने बताया कि मकान पर कब्जा किए लोगों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने पिटाई कर दी। पुलिस ने मारपीट के मामले में भी मुकदमा नहीं दर्ज किया। युवक ने एक सप्ताह में न्याय नहीं मिलने पर तहसील में आत्मदाह करने की चेतावनी दी। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान किया गया था। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।