खुखुंदू थाने में पहुंचे एसपी और थाने में खड़ी पुलिस फोर्स,
खुखुदू। स्थानीय थाने के लॉकअप में गांजा तस्करी के आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को पुलिस महकमे में हलचल मची रही। सूचना मिलते ही एसपी अभिजीत आर. शंकर थाने पहुंचे और करीब दो घंटे तक घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इस दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। एसपी ने थाने से निकलने से पहले आरोपी की मौत का कारण भी स्पष्ट किया।
सुबह करीब 10:50 बजे एसपी खुखुंदू थाने पहुंचे। इससे पहले एएसपी उत्तरी आनंद पांडेय, एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ सलेमपुर गौरव सिंह, सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी समेत कई थानों की फोर्स पहुंच चुकी थी। एसपी ने सबसे पहले सीसीटीएनएस कार्यालय में पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। करीब एक घंटे बाद लॉकअप का निरीक्षण किया।
सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि लॉकअप में बने शौचालय की दीवार में लगे हुक से आरोपी ने फंदा लगाया था। जांच प्रभावित न हो, इसलिए बाहरी लोगों को थाने में प्रवेश नहीं दिया गया। एसपी करीब 12:50 बजे थाने से रवाना हुए। उनकी मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
.